देवरिया : पॉक्सो अधिनियम की जागरूकता के लिए निकाली प्रभात फेरी
देवरिया, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार काे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पॉक्सो अधिनियम, 2012 समेत विभिन्न कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूकता के लिए प्रभात फेरी निकाली गई। कार्यक्रम उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देश और जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष धनेन्द प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।
जनपद न्यायालय के केंद्रीय सभागार में महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत हुई। जनपद न्यायाधीश धनेन्द प्रताप सिंह ने अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मियों को संबोधित करते हुए गांधी जी के सत्य, अहिंसा और न्याय के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुलभ न्याय पहुंचाने में विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका पर प्रकाश डाला।
इसके बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अर्चना के नेतृत्व में पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज से प्रभात फेरी निकाली गई। रैली कोतवाली रोड, मोतीलाल रोड, स्टेशन रोड, तहसील रोड, मालवीय रोड और सुभाष चौक होते हुए जिलाधिकारी आवास के रास्ते वापस राजकीय इंटर कॉलेज पहुंची। छात्र-छात्राओं और पराविधिक स्वयंसेवकों ने आमजन को कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।
कॉलेज परिसर में प्रभात फेरी सभा में तब्दील हो गई। छात्राओं ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। एडी मेमोरियल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने पॉक्सो अधिनियम, 2012 के तहत बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अर्चना ने बच्चों और आमजन को उनके विधिक अधिकारों एवं सुरक्षा संबंधी प्रावधानों के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी। कार्यक्रम में न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी, अधिवक्ता, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और न्यायालय कर्मचारी मौजूद रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

