देवरिया : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 47 जोड़ों का विवाह संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 47 जोड़ों का विवाह संपन्न


देवरिया : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 47 जोड़ों का विवाह संपन्न


देवरिया, 20 सितंबर (हि.स.)। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत रविवार को भाटपाररानी के रतसिया मोड़ स्थित मां वैष्णो मैरिज हाल में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। समारोह में 47 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इनमें 44 हिंदू जोड़ों का विवाह कराया गया, जबकि तीन मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न हुआ।

समारोह के मुख्य अतिथि भाटपाररानी विधायक सभाकुंवर कुशवाहा, ब्लॉक प्रमुख बनकटा बिंदा कुशवाहा और मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह रहे। इसके अलावा उपजिलाधिकारी भाटपाररानी, डीसी मनरेगा आलोक पांडेय, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, खंड विकास अधिकारी भाटपाररानी प्रसिद्ध नाथ त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी बनकटा अरुण कुमार पांडेय, सांसद सलेमपुर के प्रतिनिधि रामप्रकाश यादव और भाजपा जिला मंत्री रवि प्रकाश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखमय और सफल वैवाहिक जीवन के लिए आशीर्वाद दिया। समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय पत्रकार और नागरिक भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर कुल एक लाख रुपये व्यय किए जाने का प्रावधान है। इसमें 64 हजार रुपये विवाहिता के बैंक खाते में भेजे जाते हैं, 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री दी जाती है, जबकि 15 हजार रुपये आयोजन पर खर्च किए जाते हैं।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story