देवरिया : तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने तहसील में कथित भ्रष्टाचार और गड़बड़ियों के विरोध में प्रदर्शन किया

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने तहसील में कथित भ्रष्टाचार और गड़बड़ियों के विरोध में प्रदर्शन किया


देवरिया, 23 सितंबर (हि.स.)। जिले की तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने बुधवार को सदर तहसील में कथित भ्रष्टाचार और गड़बड़ियों के विरोध में प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जताई। इसके बाद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनिमेष वर्मा को ज्ञापन सौंपकर तहसील के कामकाज की जांच कराने और शिकायतों पर कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन से पहले तहसील बार एसोसिएशन की बैठक भी हुई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष जुगुल किशोर तिवारी एडवोकेट ने की, जबकि संचालन मंत्री विजय यादव एडवोकेट ने किया। इसमें कानपुर बार एसोसिएशन और दि लॉयर्स एसोसिएशन के बड़े अधिवक्ता सम्मेलन में लिए गए फैसलों पर चर्चा की गई। बैठक में राज्य स्तर पर लिए गए निर्णय का समर्थन करने का फैसला भी किया गया।

अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी की। उनका कहना था कि तहसील में कामकाज को लेकर लगातार समस्याएं सामने आ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से तहसील स्तर पर हो रही गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार की शिकायतों की जांच कराने की मांग की।

प्रदर्शन के बाद अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनिमेष वर्मा को ज्ञापन सौंपा। इसमें तहसील के कामकाज की जांच कराने, भ्रष्टाचार की शिकायतों पर कार्रवाई करने और अधिवक्ताओं की समस्याओं का समाधान कराने की मांग रखी गई।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story