देवरिया : पुलिस का मॉर्निंग वॉकर्स से संवाद, बुजुर्गों को सुरक्षा का भरोसा, बालिकाओं को जागरूकता का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : पुलिस का मॉर्निंग वॉकर्स से संवाद, बुजुर्गों को सुरक्षा का भरोसा, बालिकाओं को जागरूकता का संदेश


देवरिया : पुलिस का मॉर्निंग वॉकर्स से संवाद, बुजुर्गों को सुरक्षा का भरोसा, बालिकाओं को जागरूकता का संदेश


- “गुड मॉर्निंग देवरिया” अभियान से सुरक्षित हुई सुबह, पार्कों से स्कूलों तक पुलिस की पैनी नजर

देवरिया, 15 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में शनिवार को आमजन की सुरक्षा, पुलिस के प्रति विश्वास और महिला एवं बालिका सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से जिलेभर में “गुड मॉर्निंग देवरिया” एवं एंटी रोमियो चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सुबह के समय पार्कों, स्टेडियमों, प्रमुख मार्गों, विद्यालयों, मंदिरों और शिवालयों के आसपास विशेष सतर्कता बरती।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने पार्कों, स्टेडियमों एवं सड़कों पर मॉर्निंग वॉक कर रहे महिला और पुरुष नागरिकों से संवाद किया। पुलिसकर्मियों ने उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। प्रमुख पार्कों एवं मार्गों पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने बुजुर्ग नागरिकों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्हें हरसंभव सहायता, सम्मान और सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। पुलिस की इस पहल से बुजुर्गों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई।

अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की गई। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों को आवश्यक हिदायत दी तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की।

महिला एवं बालिका सुरक्षा के लिए सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालय एवं कोचिंग जाने वाली छात्राओं से संवाद किया। उन्हें 1090 वूमेन पावर लाइन, 112 आपातकालीन सेवा समेत महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई और किसी भी समस्या या असुरक्षा की स्थिति में तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए जागरूक किया गया।

पुलिस के अनुसार “गुड मॉर्निंग देवरिया” अभियान का उद्देश्य केवल चेकिंग तक सीमित न रहकर पुलिस और आमजन के बीच संवाद को मजबूत करना तथा महिलाओं, बालिकाओं और बुजुर्गों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जन-जागरूकता, जनसंवाद, एंटी रोमियो चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच का अभियान निरंतर जारी रहेगा।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story