देवरिया : पूर्वाचल राज्य बना तो राजभर समाज का बेटा मुख्यमंत्री बनेगा: ओम प्रकाश राजभर

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : पूर्वाचल राज्य बना तो राजभर समाज का बेटा मुख्यमंत्री बनेगा: ओम प्रकाश राजभर


देवरिया, 20 सितंबर (हि.स.)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) की ओर से रविवार को सोनूघाट स्थित जनता इंटर कॉलेज के मैदान में सामाजिक समरसता रैली आयोजित की गई। रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने उत्तर प्रदेश के विभाजन और पूर्वांचल को अलग राज्य बनाने की मांग को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश चार हिस्सों में बंटेगा। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल अलग राज्य बना तो राजभर समाज का बेटा मुख्यमंत्री बनेगा।

ओमप्रकाश राजभर ने 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण में हिस्सेदारी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने जातिगत जनगणना के बाद आरक्षण में हिस्सेदारी के सवाल पर आगे बढ़ने और आरक्षण के बंटवारे की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि गरीब और पिछड़े वर्ग के बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। समाज के बेटा-बेटी पढ़ेंगे, तभी विकास संभव होगा।

रैली में राजभर तय समय से करीब साढ़े तीन घंटे देरी से पहुंचे। उन्होंने सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए गरीबों के इलाज, आयुष्मान कार्ड और पेंशन जैसी सुविधाओं की जानकारी दी। रैली में सामाजिक भागीदारी, शिक्षा और आरक्षण से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। सुभासपा ने इससे पहले भी पूर्वांचल को अलग राज्य बनाने और ओबीसी आरक्षण के उप-वर्गीकरण की मांग को सार्वजनिक मंचों से उठाया है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story