'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली में शामिल होने दिल्ली रवाना हुए देवरिया के सैकड़ों कांग्रेसी

WhatsApp Channel Join Now
'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली में शामिल होने दिल्ली रवाना हुए देवरिया के सैकड़ों कांग्रेसी


देवरिया, 30 अक्टूबर (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित राष्ट्रव्यापी 'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली में शामिल होने के लिए शुक्रवार को देवरिया जिले से कांग्रेसियों का बड़ा जत्था दिल्ली रवाना हुआ। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय शेखर मल्ल 'रोशन' के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता देवरिया रेलवे स्टेशन से ट्रेन के माध्यम से दिल्ली के लिए रवाना हुए।

दोपहर एक बजे से ही रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जुटान शुरू हो गया था। हाथों में पार्टी का झंडा और सिर पर गांधी टोपी लगाए कार्यकर्ता उत्साह के साथ नारेबाजी करते नजर आए। ट्रेन के प्लेटफार्म पर पहुंचते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद, राहुल गांधी जिंदाबाद और वोट चोर-गद्दी छोड़ के नारे लगाए। इससे स्टेशन का माहौल पूरी तरह कांग्रेसमय हो गया।

दिल्ली रवाना होने से पूर्व जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल 'रोशन' ने कहा कि एक नवंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली 'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली महज राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में वोट की चोरी कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी इस अन्याय के खिलाफ सड़क से संसद तक संघर्ष कर रही है। देवरिया का प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता इस लड़ाई में राहुल गांधी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।

उन्होंने बताया कि महारैली में शामिल होने के लिए जिले के सभी 16 ब्लॉकों, नगर पंचायतों, शहर और न्याय पंचायतों से कार्यकर्ता स्वेच्छा से दिल्ली जा रहे हैं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769537 Articles

Share this story