देवरिया : रामेश्वर तिवारी हत्याकांड में चार पुलिसकर्मी निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : रामेश्वर तिवारी हत्याकांड में चार पुलिसकर्मी निलंबित


देवरिया : रामेश्वर तिवारी हत्याकांड में चार पुलिसकर्मी निलंबित




देवरिया, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में लार थाना क्षेत्र के भीखम छपरा गांव में आरएसएस कार्यकर्ता रामेश्वर तिवारी (50) की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को डीआईजी एस. चनप्पा और एसपी अभिजीत आर. शंकर ने घटनास्थल और आरोपितों के घरों का निरीक्षण किया। मामले में लापरवाही के आरोप में एसपी ने लार के प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह, हल्का प्रभारी राममूरत राम, मुख्य आरक्षी चंद्रभान और आरक्षी प्रीतम भारती को निलंबित कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने मामले से जुड़ी पूर्व शिकायतों की भी समीक्षा शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि गुरुवार को रामेश्वर तिवारी का पट्टीदारों से घर के सामने ब्रेकर बनाने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने तीन महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना की परिस्थितियों की पुष्टि के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story