देवरिया : दीपावली पर मिलावटखोरी रोकने के लिए खाद्य विभाग की छापेमारी, दूध-मिठाई के छह नमूने लिए
- भाटपाररानी में मिठाई की दुकानों की जांच, पथरदेवा में एक प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस
देवरिया, 31 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली पर्व को देखते हुए दूध, दुग्ध उत्पादों और मिठाइयों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शनिवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान दूध के दो और मिठाइयों के चार नमूने संग्रहित किए गए। खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने और साफ-सफाई में कमी मिलने पर पथरदेवा के एक मिठाई प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई।
यह अभियान आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर चलाया गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II हितेन्द्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि आज सुबह जिले में बाहर से दूध लेकर आने वाले वाहनों की जांच की गई। इस दौरान दूध के दो नमूने लिए गए।
वहीं, भाटपाररानी तहसील क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने प्रमुख मिठाई की दुकानों पर छापेमारी कर चार नमूने संग्रहित किए। पथरदेवा स्थित केडी चौराहा के पास नंद बाबा स्वीट्स प्रतिष्ठान पर जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन नहीं मिला। साथ ही साफ-सफाई में भी कमी पाई गई। इस पर प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।
इसी तरह रुद्रपुर तहसील क्षेत्र में फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स वाहन के माध्यम से खाद्य कारोबारियों और उपभोक्ताओं को जागरूक किया गया। टीम ने मौके पर खाद्य पदार्थों की जांच कर लोगों को मिलावट की पहचान करने और उससे बचाव के तरीके बताए। इस दौरान मिठाई की दुकानों से छेना मिठाई और बेसन के लड्डू के नमूने भी लिए गए।
सहायक आयुक्त ने बताया कि सभी संग्रहित नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। दीपावली तक मिलावटखोरी के खिलाफ जिले के अन्य क्षेत्रों में भी जांच और प्रवर्तन की कार्रवाई जारी रहेगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

