देवरिया : मत्स्य विभाग ने कैम्प लगाकर ग्रामीणों को दी योजनाओं की जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : मत्स्य विभाग ने कैम्प लगाकर ग्रामीणों को दी योजनाओं की जानकारी


देवरिया, 18 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में गौरी बाजार विकासखंड के करमाजीतपुर और बैतालपुर के तिवाई ग्रामसभा में शुक्रवार को कैम्प आयोजित किए । इसमें मत्स्य पालकों, विक्रेताओं और मछुआ समुदाय के लोगों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

करमाजीतपुर में मत्स्य निरीक्षक कुलदीप सक्सेना की ओर से आयोजित कैम्प में 57 मत्स्य पालकों एवं मछुआ समुदाय के लोगों का एनएफडीपी पोर्टल पर पंजीकरण कराया गया। इस दौरान मछुआ दुर्घटना बीमा योजना के बारे में भी जानकारी दी गई। कैम्प में ग्राम पंचायत सचिव, समिति के सदस्य, बैंक प्रतिनिधि और सीएससी संचालक मौजूद रहे।

इसी क्रम में तिवाई ग्रामसभा में मत्स्य निरीक्षक रितेश शाही की ओर से आयोजित कैम्प में 32 मत्स्य पालकों एवं मछुआ समुदाय के लोगों का एनएफडीपी पोर्टल पर पंजीकरण कराया गया। यहां भी दुर्घटना बीमा योजना की जानकारी दी गई। मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मत्स्य पालक विकास अभिकरण, देवरिया रेवती रमन चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत 20 से 27 सितंबर तक छह परियोजनाओं के लिए पोर्टल खुला है। इनमें खारे जल में मत्स्य पालन के लिए तालाब निर्माण, रियरिंग फिश यूनिट, मध्याकार आरएएस, बैकयार्ड आरएएस तथा आजीविका के लिए पोषण संबंधी सहायता समेत अन्य परियोजनाएं शामिल हैं। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विभाग की ओर से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story