देवरिया: स्कूल के पास लगी आग से बाल-बाल बचे बच्चे, समय रहते पाया काबू

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया: स्कूल के पास लगी आग से बाल-बाल बचे बच्चे, समय रहते पाया काबू


देवरिया: स्कूल के पास लगी आग से बाल-बाल बचे बच्चे, समय रहते पाया काबू


देवरिया, 21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में भलुअनी नगर पंचायत के वार्ड नंबर 8, गोविंद बल्लभ पंतनगर में मंगलवार को खेत में डंठल में लगी आग तेजी से फैलते हुए स्कूल परिसर की ओर बढ़ने लगी। तेज हवा के कारण आग की लपटें और घना धुआं उठने लगा।

बढ़ती आग प्राथमिक विद्यालय चकरा भार्गव के लिए खतरा बन गई। स्थिति को देखते हुए स्कूल में मौजूद बच्चों और शिक्षकों में अफरा-तफरी मच गई।

हालात की गंभीरता को समझते हुए स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीण विपुल तिवारी, शंभू तिवारी, उमेश यादव, इंद्रजीत प्रसाद सहित अन्य ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

सभासद प्रतिनिधि मनोज तिवारी ने आग को लेकर बताया कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया और स्कूल के बच्चे सुरक्षित बच गए।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story