देवरिया : खाद वितरण में अनियमितता मिलने पर उर्वरक केंद्र का लाइसेंस निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : खाद वितरण में अनियमितता मिलने पर उर्वरक केंद्र का लाइसेंस निलंबित


देवरिया, 20 नवंबर (हि.स.)। किसानों को उर्वरक वितरण में अनियमितता मिलने पर प्रशासन ने सोनाड़ी मोड़ स्थित नमन सेवा कृषि उपज संवर्धन सहकारी समिति लिमिटेड का उर्वरक लाइसेंस निलंबित किया गया है। साथ ही उर्वरक कारोबार पर प्रतिबंध लगाया है। इसके सहयोगी प्रतिष्ठान जया ट्रेडर्स को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि 19 नवंबर को जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण के दौरान नमन सेवा कृषि उपज संवर्धन सहकारी समिति लिमिटेड, सोनाड़ी मोड़ पर किसानों को खाद वितरण में अनियमितता मिली थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिला कृषि अधिकारी अम्बरीष कुमार मिश्र और अपर जिला सहकारी अधिकारी बृजेश राय ने संयुक्त रूप से प्रतिष्ठान की जांच की।

जांच अधिकारियों की संयुक्त रिपोर्ट के आधार पर प्रतिष्ठान का उर्वरक लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की गई है।

इसके साथ ही जया ट्रेडर्स से अनियमितता के संबंध में जवाब मांगा गया है।

जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि, वे खाद खरीदते समय आधार कार्ड और फार्मर आईडी साथ लेकर जाएं। अपनी जोत और फसलों की संस्तुति के अनुसार पीओएस मशीन से बिक्री रसीद प्राप्त करने के बाद ही निर्धारित मूल्य का भुगतान करें। उन्होंने कहा कि जिले में उर्वरक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी और निरीक्षण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story