निर्माणाधीन सड़कों और बाईपास के कार्यों में तेजी लाएं अधिकारी : जिलाधिकारी
देवरिया, 05 नवंबर (हि.स.)। देवरिया जिले में निर्माणाधीन सड़कों, बाईपास और रेलवे ओवरब्रिज के कार्यों को गति देने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ काम पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी), रेलवे अंडरपास (आरयूबी) तथा विभिन्न विभागों के अंतर्गत निर्माणाधीन और स्वीकृत मार्गों के निर्माण, चौड़ीकरण, मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।
जिलाधिकारी ने राम-जानकी मार्ग, देवरिया बाईपास, तमकुहीराज-मझौलीराज-नवलपुर-सिकंदरपुर मार्ग और सलेमपुर बाईपास के निर्माण की अद्यतन स्थिति जानी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं में तेजी लाएं और गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखें। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी समस्याओं, विभागीय समन्वय और अन्य बाधाओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि निर्माण कार्य प्रभावित न हों। सभी विभाग आपसी तालमेल बनाकर काम करें और अगली समीक्षा बैठक से पहले हर हाल में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें।
डीएम ने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और प्रगति की जानकारी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पंकज प्रकाश राठौर, परियोजना निदेशक एमओआरटीएच गोरखपुर, लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग खंड गोरखपुर के अधिशासी अभियंता, उप निदेशक मंडी गोरखपुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

