पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए चलाएं अभियान : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए चलाएं अभियान : जिलाधिकारी


पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए चलाएं अभियान : जिलाधिकारी


देवरिया, 29 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में रविवार काे जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों और बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता पंजीकरण अभियान की प्रगति जांची और संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सदर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों के अलावा भलुअनी क्षेत्र के बूथ संख्या 56 कुइयां और बूथ संख्या 80 सिंहपुर का निरीक्षण किया। इसके साथ ही बरहज विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 187 तथा बूथ संख्या 181 से 184 तक पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथों पर तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की उपस्थिति, नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए प्राप्त आवेदनों और अभियान की गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने फार्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रगति की समीक्षा की। वहीं फार्म-7 और फार्म-8 के जरिए प्राप्त आवेदनों की स्थिति भी जानी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि विशेष अभियान दिवस पर सभी बीएलओ अपने निर्धारित बूथों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और पात्र नागरिकों से आवेदन प्राप्त करें। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके और आगामी एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। इसके लिए गांवों और संबंधित क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785226 Articles

Share this story