देवरिया डीएम ने प्राथमिक विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया डीएम ने प्राथमिक विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण


देवरिया डीएम ने प्राथमिक विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण


देवरिया, 10 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने विकासखंड तरकुलवा के प्राथमिक विद्यालय खुटहां पटखौली एवं तरकुलवा का सोमवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों की व्यवस्थाओं के साथ शिक्षण कार्य की गुणवत्ता का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी बच्चों के बीच शिक्षक की भूमिका में नजर आए और स्वयं श्यामपट्ट पर पाठ पढ़ाकर बच्चों से सवाल किए।

जिलाधिकारी ने चॉक लेकर श्यामपट्ट पर विभिन्न विषयों से संबंधित पाठ समझाया। इसके बाद बच्चों से सवाल पूछकर उनके सीखने और समझने के स्तर का आकलन किया। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं और शिक्षण व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने जिलाधिकारी के सवालों के संतोषजनक जवाब दिए।

निरीक्षण के दौरान निपुण एवं संदर्शिका का अंकन उपलब्ध नहीं मिला। साथ ही शिक्षण कार्य भी अपेक्षित स्तर पर संचालित होता नहीं पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित शिक्षकों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निपुण एवं संदर्शिका में निर्धारित बिंदुओं के अनुसार नियमित रूप से शिक्षण कार्य कराया जाए और उपलब्ध शिक्षण सामग्री का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने शिक्षकों को समय से विद्यालय पहुंचने और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए जिम्मेदारी व गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और बच्चों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकताओं में है। शिक्षकों को बच्चों की शैक्षणिक जरूरतों को समझते हुए उनके सीखने के स्तर में निरंतर सुधार के लिए प्रयास करना चाहिए।

इस दौरान जिलाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी तरकुलवा को विद्यालयों का नियमित और प्रभावी अनुश्रवण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षण कार्य एवं विद्यालय की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए तथा लापरवाही मिलने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story