देवरिया में लापरवाह चार प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
देवरिया, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) के प्रकरणों के निस्तारण में लापरवाही और त्रुटिपूर्ण आख्या प्रस्तुत करने पर देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जिले के चार प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। यह कार्रवाई शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर की गई।
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने पाया कि प्रभारी चिकित्सा अधिकारी तरकुलवा, भटनी, भाटपाररानी और बैतालपुर द्वारा शिकायतों का निस्तारण निर्धारित मानकों और शासन के प्रावधानों के अनुरूप नहीं किया गया। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार प्रभारी चिकित्सा अधिकारी तरकुलवा को आयुष्मान कार्ड जारी करने से संबंधित शिकायत में त्रुटिपूर्ण आख्या देने पर नोटिस जारी किया जाएगा। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी भटनी को अस्पताल में चिकित्सकों की अनुपस्थिति और एक कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई से जुड़े दो मामलों में संतोषजनक निस्तारण न करने पर कारण बताओ नोटिस दिया जाएगा। वहीं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी भाटपाररानी को भ्रष्टाचार एवं अनियमितता से जुड़े प्रकरण तथा प्रभारी चिकित्सा अधिकारी बैतालपुर को कोविड अवधि में तैनात कर्मचारी के समायोजन संबंधी मामले में गलत आख्या प्रस्तुत करने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

