देवरिया जिलाधिकारी ने हाटा-देवरिया मार्ग की धीमी प्रगति पर अधिकारियों को लगाई फटकार

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया जिलाधिकारी ने हाटा-देवरिया मार्ग की धीमी प्रगति पर अधिकारियों को लगाई फटकार


देवरिया जिलाधिकारी ने हाटा-देवरिया मार्ग की धीमी प्रगति पर अधिकारियों को लगाई फटकार


- डीएम ने सड़क निर्माण परियोजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण

देवरिया, 17 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार सुबह करीब आठ बजे जिले की दो प्रमुख सड़क निर्माण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान हाटा-देवरिया मार्ग के निर्माण में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण में हाटा-देवरिया मार्ग का करीब 55 प्रतिशत कार्य ही पूरा मिला। सड़क निर्माण के लिए पेड़ों की मार्किंग नहीं किए जाने, पोल शिफ्टिंग में देरी समेत अन्य कमियां मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। 74 करोड़ 47 लाख रुपये की लागत वाली यह परियोजना मार्च 2026 में शुरू हुई है और मई 2027 तक पूरी की जानी है।

इसके बाद डीएम ने देवरिया-कसया बाईपास मार्ग वाया पीपरपाती, पिंडरा, रावतपुर, बैकुंठपुर, मधवापुर के सुदृढ़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। यहां करीब 50 प्रतिशत कार्य पूरा मिला और प्रगति संतोषजनक पाई गई। 9 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से यह परियोजना मई 2026 में शुरू हुई है, जिसे जून 2027 तक पूरा किया जाना है।

दोनों परियोजनाओं में डीएम ने मौके पर खुदाई कराकर सड़क की गुणवत्ता जांची और चौड़ाई की माप भी कराई।

उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय में मानकों के अनुरूप कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी अनिल कुमार जाटव, डीएसटीओ अरुण कुमार सिंह, एडीएसटीओ आनंद चौरसिया समेत सहायक और अवर अभियंता मौजूद रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story