शालिनी श्रीवास्तव के निलंबन पर डायट प्राचार्य अनिल कुमार को मिला बीएसए का अतिरिक्त कार्यभार

WhatsApp Channel Join Now
शालिनी श्रीवास्तव के निलंबन पर डायट प्राचार्य अनिल कुमार को मिला बीएसए का अतिरिक्त कार्यभार


देवरिया, 28 फ़रवरी (हि.स.)। जनपद में बीते दिनों गोरखपुर निवासी सहायक अध्यापक केएम सिंह आत्महत्या मामले में शासन ने बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया था। ऐसे में शनिवार को डायट प्राचार्य अनिल कुमार ने बीएसए के अतिरिक्त कार्यभार की जिम्मेदारी सहायक शिक्षा निदेशक के निर्देश पर संभाल ली।

देवरिया में डायट प्राचार्य अनिल कुमार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। यह जिम्मेदारी बीएसए शालिनी श्रीवास्तव के निलंबन के बाद दी गई। मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक), गोरखपुर मंडल की संगीता सिंह ने उन्हें औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कराया।

अनिल कुमार जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे। उनके पहुंचने के कुछ ही समय बाद एडी बेसिक गोरखपुर भी देवरिया पहुंचीं। उनकी मौजूदगी में अनिल कुमार ने बीएसए पद का अतिरिक्त प्रभार संभाला।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कार्यालय कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और विभागीय कार्यों की जानकारी ली। एडी बेसिक की उपस्थिति में उन्होंने आउटसोर्सिंग कर्मियों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और ईसीसी एजुकेटर के वेतन से संबंधित लंबित फाइलों पर हस्ताक्षर कर भुगतान प्रक्रिया को आगे बढाया।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story