देवरिया : जितिया व्रत पर मंदिरों में उमड़ी महिलाओं की भीड़, संतान के सुख-समृद्धि की कामना

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : जितिया व्रत पर मंदिरों में उमड़ी महिलाओं की भीड़, संतान के सुख-समृद्धि की कामना


देवरिया, 03 अक्टूबर (हि.स.)। संतान की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर शनिवार को महिलाओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ जितिया (जीवित्पुत्रिका) का कठिन व्रत रखा। व्रत के अवसर पर नगर के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही व्रती महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिरों में दिनभर पूजा-अर्चना का सिलसिला चलता रहा और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।

नगर के पक्का घाट स्थित जानकी मंदिर, दुग्धेश्वरनाथ मंदिर और राधा-कृष्ण मंदिर में बड़ी संख्या में महिलाएं पूजा की थाली लेकर पहुंचीं। थाली में फल, फूल और अन्य पूजन सामग्री लेकर महिलाओं ने स्नान-ध्यान के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान से अपनी संतान के दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना की।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जितिया का व्रत कठिन व्रतों में शामिल है। व्रती महिलाएं संतान के लिए करीब 24 घंटे तक निर्जला उपवास रखती हैं। व्रत को लेकर महिलाओं में सुबह से ही उत्साह देखने को मिला।

मंदिरों में उमड़ी भीड़ और तेज धूप को देखते हुए नगर पंचायत की ओर से प्रमुख मंदिरों में टेंट और बैठने की व्यवस्था की गई थी। इससे पूजा-अर्चना के लिए पहुंची महिलाओं को काफी राहत मिली। मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा व व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए। दिनभर मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story