देवरिया : मझौलीराज में AK-47 की तस्वीर वाले इस्लामिक झंडे पर विवाद, तीन गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : मझौलीराज में AK-47 की तस्वीर वाले इस्लामिक झंडे पर विवाद, तीन गिरफ्तार


देवरिया, 24 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के मझौलीराज कस्बे में इस्लामिक झंडे पर AK-47 और तलवार की तस्वीर लगाए जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। झंडे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों और भाजपा नेताओं ने विरोध जताते हुए पुलिस से शिकायत की थी।

सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर झंडे को उतरवाया और मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है।

मझौलीराज कस्बे के वार्ड नंबर आठ निवासी मोहम्मद अरशद उर्फ समसुद्दीन सभासद हैं। उनके घर के सामने दो झंडे लगाए गए थे। इनमें से एक झंडे पर AK-47 राइफल की तस्वीर बनी थी, जबकि दूसरे पर तलवार की तस्वीर थी। तलवार वाले झंडे पर इस्लामिक कलमा लिखा हुआ था। घटना का वीडियो झंडा उतारे जाने के दौरान किसी व्यक्ति ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

झंडे पर लिखे कलमे को लेकर अबूबकर नगर की जामा मस्जिद के इमाम के बेटे मोहम्मद अहमद ने बताया कि ‘ला इलाहा इल्लल्लाह मुहम्मदुर रसूलुल्लाह’ का अर्थ है कि अल्लाह के सिवा कोई इबादत के योग्य नहीं है और मुहम्मद अल्लाह के रसूल हैं। उन्होंने इसे कलमा बताया।

मामले की जानकारी मिलने के बाद भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष हिमांशु मिश्रा ने पुलिस से शिकायत की। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और झंडे को तत्काल उतरवा दिया। पुलिस ने सभासद मोहम्मद अरशद उर्फ समसुद्दीन से पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि झंडा बनवाने के लिए वह अब्दुल वाहिद पेंटर के पास गया था।

पुलिस के मुताबिक, वार्ड नंबर आठ निवासी मोबीन अली उर्फ पेंटर ने झंडा तैयार किया था।

जांच के बाद पुलिस ने अशरफ अली, मोबीन अली और अब्दुल वाहिद को गिरफ्तार कर लिया। क्षेत्राधिकारी सलेमपुर गौरव सिंह के अनुसार, तीनों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहले ही पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में सभी पक्षों से ऐसे पोस्टर, बैनर और झंडे नहीं लगाने की अपील की गई थी, जिनसे किसी समुदाय की भावनाएं आहत हों अथवा विवाद की स्थिति उत्पन्न हो।

क्षेत्राधिकारी सलेमपुर गौरव सिंह ने बताया कि मझौलीराज में मोहम्मद अरशद उर्फ समसुद्दीन के घर के सामने लगे इस्लामिक झंडे के नीचे AK-47 का फोटो बना हुआ था। झंडा उतारते समय किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर वायरल किया। जांच में पता चला कि उक्त झंडा वार्ड नंबर आठ निवासी मोबीन पेंटर ने बनाया था। मामले में तीन लोगों को धारा 170 बीएनएसएस के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों पर नजर रखने की बात कही गई है। पुलिस का कहना है कि वर्तमान में क्षेत्र में शांति व्यवस्था को लेकर कोई समस्या नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story