देवरिया : 11 हजार वोल्ट करंट की चपेट में आकर संविदा लाइनमैन झुलसा, बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : 11 हजार वोल्ट करंट की चपेट में आकर संविदा लाइनमैन झुलसा, बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर


देवरिया, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के जिला मुख्यालय के सीसी रोड स्थित एक कॉन्वेंट स्कूल के सामने शनिवार शाम करीब चार बजे बिजली लाइन पर कार्य के दौरान विद्युत विभाग का एक संविदा लाइनमैन 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सहकर्मियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाया।

घायल की पहचान प्रभूनाथ सिंह (48) पुत्र स्वर्गीय किशून सिंह, निवासी परसिया भीखम, थाना भलुअनी के रूप में हुई है। वह विद्युत विभाग में संविदा लाइनमैन के पद पर कार्यरत है। वह विद्युत लाइन पर मरम्मत का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आ गए, जिससे उनके शरीर का बड़ा हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने महर्षि देवराहा बाबा स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज, देवरिया पहुंचाया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी (एसडीओ) अमित सिंह मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने घायल के परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा चिकित्सकों से बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। विभागीय अधिकारियों ने भी घटना की जानकारी ली।

हादसे के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों में चिंता का माहौल है। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विभागीय स्तर पर जांच की जा रही है। वहीं, घायल लाइनमैन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए परिजन और सहकर्मी गोरखपुर मेडिकल कॉलेज पहुंच गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story