देवरिया : जिलाधिकारी के निर्देश पर आईटीआई बंजरिया का निर्माण पूरा न होने पर अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ दी गयी तहरीर
देवरिया, 16 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में निर्माणाधीन आईटीआई बंजरिया, पथरदेवा का निर्माण निर्धारित समयसीमा में पूरा नहीं होने और कार्य की प्रगति अपेक्षित गति से न बढ़ने पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कड़ा रुख अपनाया है। उनके निर्देश पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कमलेश कुमार मौर्य ने कार्यदायी संस्था वक्फ विकास निगम लिमिटेड के संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ तरकुलवा थाने में तहरीर दी है।
तहरीर में कार्यदायी संस्था के संबंधित अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता और ठेकेदार को नामित किया गया है। अधिकारियों के अनुसार आईटीआई बंजरिया परियोजना को 31 जुलाई 2026 तक पूरा कराया जाना था, लेकिन निर्धारित समयसीमा बीतने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका।
परियोजना में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी स्तर से आयोजित मासिक समीक्षा बैठकों में संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और समय से परियोजना पूरी कराने के निर्देश दिए जाते रहे। इसके अलावा अधिकारियों ने परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इसके बावजूद निर्माण कार्य निर्धारित अवधि में पूरा नहीं हो सका। अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना वर्ष 2020 में स्वीकृत हुई थी और इसकी समयसीमा पूर्व में भी बढ़ाई जा चुकी है। बढ़ाई गई अवधि में भी कार्यदायी संस्था और ठेकेदार द्वारा निर्माण पूरा करने की अपेक्षित गति नहीं दिखाई गई। लगातार निर्देश और समीक्षा के बावजूद परियोजना अधूरी रहने को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया। इसी क्रम में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने तरकुलवा थाने में तहरीर देकर संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई में जुट गई हैं।
-------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

