देवरिया : जिलाधिकारी की पहल से फरियादी को मिला त्वरित न्याय

WhatsApp Channel Join Now


देवरिया, 11 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की पहल से देवगांव के फरियादी अंकित उपाध्याय की भूमि संबंधी शिकायत का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। आईजीआरएस पर दर्ज शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी स्वयं देवगांव पहुंचे और भूमि का स्थलीय सत्यापन कर राजस्व अधिकारियों को नियमानुसार पैमाइश कराकर रकबा दुरुस्त कराने के मंगलवार को निर्देश दिए।

फरियादी ने शिकायत में बताया था कि उसकी भूमिधरी भूमि के अभिलेखों में दर्ज रकबे की तुलना में मौके पर भूमि का रकबा कम है। उसने रकबा पूरा कराने की मांग की थी। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर पहुंचकर राजस्व टीम को नियमानुसार पैमाइश करने और समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी के निर्देश पर नायब तहसीलदार शिवेंद्र कौंडिल्य की उपस्थिति में राजस्व निरीक्षक और लेखपाल वेद राव ने भूमि की पैमाइश की। जांच और पैमाइश के बाद फरियादी की भूमि का रकबा नियमानुसार पूर्ण कराया गया। कार्रवाई पूरी होने के बाद फरियादी अंकित उपाध्याय ने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया।

फरियादी ने कहा कि जिलाधिकारी की सक्रियता और मौके पर पहुंचकर की गई त्वरित पहल से उसकी समस्या का शीघ्र समाधान हो गया। उन्होंने इसके लिए जिलाधिकारी का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व अधिकारियों और अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आईजीआरएस सहित सभी शिकायतों का निस्तारण पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। देवगांव में पैमाइश के दौरान नायब तहसीलदार शिवेंद्र कौंडिल्य, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल वेद राव सहित अन्य राजस्वकर्मी और ग्रामवासी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story