देवरिया: सामुदायिक शौचालय के केयरटेकरों ने डीबीटी से मानदेय भुगतान की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया: सामुदायिक शौचालय के केयरटेकरों ने डीबीटी से मानदेय भुगतान की मांग को लेकर किया प्रदर्शन


देवरिया, 15 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में सामुदायिक शौचालयों पर कार्यरत केयरटेकरों ने बुधवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विकास भवन परिसर में प्रदर्शन किया। दोपहर करीब एक बजे बड़ी संख्या में केयरटेकर एकत्र हुए और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन अपर उप जिलाधिकारी (एएसडीएम) को सौंपा। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने मानदेय भुगतान व्यवस्था में बदलाव और नियुक्ति संबंधी मांगों को प्रमुखता से उठाया।

सनी कुमार राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि

वर्तमान में देवरिया सहित प्रदेश के कई जिलों में उनका मानदेय स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के खातों के माध्यम से भेजा जाता है। इस व्यवस्था के कारण भुगतान में अनावश्यक देरी, अनियमितता और मानदेय में कटौती जैसी समस्याएं लगातार सामने आती रहती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार उन्हें समय पर पूरा मानदेय नहीं मिल पाता, जिससे आर्थिक संकट के साथ मानसिक तनाव भी झेलना पड़ता है।

केयरटेकरों का कहना था कि सभी केयरटेकरों का मानदेय डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सीधे उनके व्यक्तिगत बैंक खातों में भेजा जाए। उनका कहना है कि इससे भुगतान प्रक्रिया पारदर्शी होगी और बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी। इसके अलावा उन्होंने सभी कार्यरत केयरटेकरों को विधिवत नियुक्ति पत्र जारी करने की भी मांग की, ताकि उनकी सेवा सुरक्षित हो सके और भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक समस्या का सामना न करना पड़े।

वे वर्षों से सामुदायिक शौचालयों की साफ-सफाई, रखरखाव और संचालन का कार्य पूरी जिम्मेदारी से कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने सरकार से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।

अपर उप जिलाधिकारी ने प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन प्राप्त कर उनकी मांगों को शासन तक भेजने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे। प्रदर्शन के बाद सभी केयरटेकर शांतिपूर्वक वापस लौट गए।

इस दौरान जिलाध्यक्ष संगीता, रुखसाना, शालिनी, संगीता, सरोज, रामपति सहित महिलाएं उपस्थित रही।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story