देवरिया : घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ के आरोप में पूर्व विधायक समेत 14 पर मुकदमा दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ के आरोप में पूर्व विधायक समेत 14 पर मुकदमा दर्ज


देवरिया, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के रौनीगंगा चक गांव में पुरानी रंजिश और विवाद को लेकर घर में घुसकर मारपीट, सीढ़ी तोड़ने और ईंट ले जाने के आरोप में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर पूर्व विधायक समेत 14 नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गांव निवासी सीमा देवी ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि 16 अगस्त की सुबह करीब सात बजे गांव के विजय बहादुर, मुकुटमणि, रितेश उर्फ मोहन, अमन, अश्वनी उर्फ भौल्टी, रणविजय, मनबोध प्रसाद (पूर्व विधायक), अगरावती देवी, धानपति देवी, अर्चना, बिमलावती देवी, मुन्नी देवी, निर्मला देवी और रितू एक राय होकर लाठी-डंडा, रम्मा और खंती लेकर उनके घर पहुंचे।

आरोप है कि आरोपितों ने घर की खिड़की के पास बनी सीढ़ी को तोड़ दिया और वहां से ईंटें ले जाने लगे। सीमा देवी के अनुसार, विरोध करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगे। जान बचाने के लिए वह और उनकी जेठानी घर के अंदर चली गईं। आरोप है कि हमलावरों ने घर के अंदर घुसकर दोनों के साथ मारपीट की। इस दौरान उनकी जेठानी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश होकर जमीन पर गिर गईं।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, घटना के बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। घटना की जानकारी पुलिस को देने के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए सलेमपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें देवरिया रेफर कर दिया।

सीमा देवी का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने सलेमपुर कोतवाली में शिकायत की, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक देवरिया से भी प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस स्तर से कार्रवाई न होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली।

न्यायालय के आदेश के बाद सलेमपुर कोतवाली पुलिस ने सभी 14 नामजद आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story