देवरिया : जिलाधिकारी के निर्देश पर श्रमिक एवं बुजुर्गों के लिए आयुष्मान कार्ड शिविर लगा

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : जिलाधिकारी के निर्देश पर श्रमिक एवं बुजुर्गों के लिए आयुष्मान कार्ड शिविर लगा


देवरिया, 18 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में जिलाधिकारी के निर्देश पर शून्य गरीबी में चिन्हित पंजीकृत निर्माण श्रमिक परिवारों और 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को आयुष्मान कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शुक्रवार को सदर तहसील सभागार में विशेष शिविर लगाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने श्रम विभाग के सहयोग से कुल 50 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए।

शिविर में लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड से मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं और कार्ड बनवाने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। नोडल आयुष्मान डॉ. आरपी यादव ने बताया कि शनिवार 19 सितंबर को भी सदर तहसील सभागार में आयुष्मान कार्ड निर्माण शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने पात्र निर्माण श्रमिक परिवारों और 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों से शिविर में पहुंचकर कार्ड बनवाने की अपील की।

लाभार्थियों को अपने साथ आधार कार्ड, राशन कार्ड और मोबाइल नंबर लाने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि पात्र लोग अपने निकटतम आयुष्मान आरोग्य मंदिर या उपकेंद्र पर भी कार्ड बनवा सकते हैं। इसके लिए आशा और एएनएम से संपर्क किया जा सकता है। श्रम एवं स्वास्थ्य विभाग ने पात्र परिवारों से सभी सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील की।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story