देवरिया : राप्ती नदी में डूबते दो बहनों को बचाने गए भाई की मौत

WhatsApp Channel Join Now

देवरिया, 25 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद मदनपुर थाना क्षेत्र के मोहरा गांव में गुरुवार शाम एक हृदयविदारक घटना में 14 वर्षीय किशोर सोनू पासवान ने अपनी दो बहनों की जान बचाते हुए खुद की जान गंवा दी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

थानाध्यक्ष नंदा प्रसाद ने बताया कि गांव के समीप राप्ती नदी तट पर गुरुवार शाम महिलाएं और बच्चे पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान रीता और माया नाम की दो बहनें नदी में स्नान कर रही थीं। स्नान के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और दोनों गहरे पानी में चली गईं। खुद को डूबता देख दोनों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई।

बहनों की चीख सुनकर उनका 14 वर्षीय भाई सोनू पासवान पुत्र विजयी पासवान बिना देर किए नदी में कूद पड़ा। ग्रामीणों के अनुसार सोनू ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दोनों बहनों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचा दिया, लेकिन इस दौरान वह स्वयं गहरे पानी में फंस गया और डूबने लगा।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान चलाकर सोनू को नदी से बाहर निकाला और गंभीर अवस्था में महेन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सोनू की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां मीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि भाई भोलू और बहनें रीता व माया गहरे सदमे में हैं। बताया गया कि सोनू के पिता विजयी पासवान रोजगार के सिलसिले में एक दिन पहले ही दुबई गए थे। घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम बरहज हरिशंकर लाल मौके पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। वहीं मदनपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थानाध्यक्ष नंदा प्रसाद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। गांव के लोगों ने सोनू की बहादुरी को याद करते हुए कहा कि उसने अपनी जान की परवाह किए बिना अपनी बहनों को बचाया, लेकिन स्वयं जिंदगी की जंग हार गया। उसकी वीरता और त्याग की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story