रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण कार्य : सूर्य प्रताप शाही
- कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया शुभारंभ, मरीजों को बांटे फल
- सेवा संकल्प अभियान में मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर
देवरिया, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए।
कृषि मंत्री ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण कार्य हैसेवा संकल्प अभियान में मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर। किसी भी मरीज को कभी भी रक्त की आवश्यकता पड़ सकती है। ऐसे समय में रक्तदाता का योगदान जरूरतमंद के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर सेवा और जनकल्याण की भावना से आयोजित यह शिविर लोगों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा की भावना को जनभागीदारी से जोड़ना है। स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से समाज में सहयोग और संवेदनशीलता की भावना मजबूत होती है। उन्होंने रक्तदान करने वाले लोगों का उत्साहवर्धन किया।
सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जान बचाने में सहायक हो सकता है। उन्होंने लोगों से पात्रता के अनुसार नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। रक्तदाताओं को सम्मानित भी किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल, सीएमओ डॉ. एसके सिन्हा, सीएमएस डॉ. एचके मिश्र, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक पंडित गिरीश चंद्र तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद, पूर्व विधायक सत्य प्रकाश मणि, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सहित चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, अधिकारी, कर्मचारी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

