देवरिया : फॉर्म-6 की प्रविष्टि में लापरवाही पर बीडीओ भागलपुर को प्रतिकूल प्रविष्टि, आरओ पथरदेवा को नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : फॉर्म-6 की प्रविष्टि में लापरवाही पर बीडीओ भागलपुर को प्रतिकूल प्रविष्टि, आरओ पथरदेवा को नोटिस


देवरिया : फॉर्म-6 की प्रविष्टि में लापरवाही पर बीडीओ भागलपुर को प्रतिकूल प्रविष्टि, आरओ पथरदेवा को नोटिस


- डीएम ने बूथ दिवस पर प्राप्त फॉर्मों की ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रविष्टि की समीक्षा की

- 29 नवंबर को भी बूथ दिवस, 30 हजार फॉर्म प्राप्त करने और अपलोड करने का लक्ष्य

देवरिया, 28 नवंबर (हि.स.)। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत आयोजित बूथ दिवस पर प्राप्त फॉर्म-6 की ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रविष्टि में लापरवाही पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शनिवार देर शाम को सख्त रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान कार्यों में शिथिलता और बैठक में अनुपस्थित रहने पर बीडीओ भागलपुर को प्रतिकूल प्रविष्टि तथा आरओ पथरदेवा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बूथ दिवस पर प्राप्त फॉर्म-6 की ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रविष्टि की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्य प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए प्राप्त फॉर्मों की प्रविष्टि समयबद्ध और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुनिश्चित की जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने सभी एईआरओ तथा इस कार्य में लगाए गए खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत अधिकारी, तहसीलदार और अन्य संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी गंभीरता से काम करने का निर्देश दिया। कहा कि बूथ दिवस पर प्राप्त फॉर्मों की ऑनलाइन प्रविष्टि के साथ निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति भी सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने बताया कि 29 नवंबर को भी बूथ दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिले में 30 हजार फॉर्म-6 प्राप्त करने और उन्हें ऑनलाइन अपलोड करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अगले दिन के अभियान में पूरी तत्परता से कार्य करते हुए लक्ष्य हर हाल में पूरा करें।

समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने फॉर्मों की ऑफलाइन और ऑनलाइन प्रविष्टि की स्थिति का गहनता से आकलन किया। उन्होंने कार्य प्रगति में सुधार लाने और निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही लापरवाही और शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों, बीएलओ तथा सुपरवाइजर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, एएसडीएम अखिलेश यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके सिन्हा सहित जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों के आरओ, एईआरओ और अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785057 Articles

Share this story