देवरिया : तिरुपति बालाजी मंदिर में अन्नकूट महोत्सव, 56 व्यंजनों का लगा भोग

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : तिरुपति बालाजी मंदिर में अन्नकूट महोत्सव, 56 व्यंजनों का लगा भोग


देवरिया : तिरुपति बालाजी मंदिर में अन्नकूट महोत्सव, 56 व्यंजनों का लगा भोग


देवरिया, 10 नवंबर (हि.स.)। रामानुजाचार्य मार्ग स्थित श्री तिरुपति बालाजी मंदिर भक्तिवाटिका में मंगलवार को अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। दोपहर तीन बजे विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भगवान श्री तिरुपति बालाजी को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया। इस दौरान देर शाम तक मंदिर परिसर भजन-कीर्तन और जयकारों से गूंज उठा।

महोत्सव की तैयारियां सुबह से ही शुरू हो गई थीं। मंदिर को फूल-मालाओं से आकर्षक ढंग से सजाया गया। पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी राजनारायणाचार्य ने भगवान श्री तिरुपति बालाजी का भव्य श्रृंगार कर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर स्वामी राजनारायणाचार्य ने 'मैं तो गोवर्धन को जाऊं, छटा तेरी तीन लोक से न्यारी है' भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इसके बाद गौ माता और गोवर्धन की पूजा की गई। भगवान श्रीकृष्ण की सवारी मंदिर के गर्भगृह स्थित सभागार में पहुंची, जहां छप्पन भोग अर्पित किया गया। देर रात तक भजन-कीर्तन का सिलसिला चलता रहा।

स्वामी राजनारायणाचार्य ने कहा कि गाय भारत की आत्मा है और उसमें भगवान श्रीकृष्ण का वास माना जाता है। गौ सेवा से आध्यात्मिक लाभ प्राप्त होता है। पूजा के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया और भंडारे का आयोजन हुआ।

उधर, शहर से लेकर गांवों तक गोवर्धन पूजा की धूम रही। बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र की कामना के लिए व्रत रखा। दोपहर बाद गोवर्धन कूटने की परंपरा निभाने के बाद व्रत खोला। विभिन्न स्थानों पर पीड़िया भी लगाई गई।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775081 Articles

Share this story