देवरिया पुलिस ने खोज निकाले 55 लाख के गुम मोबाइल

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया पुलिस ने खोज निकाले 55 लाख के गुम मोबाइल


देवरिया पुलिस ने खोज निकाले 55 लाख के गुम मोबाइल


-सर्विलांस सेल ने अलग-अलग कंपनियों के 268 गुमशुदा मोबाइल फोन किए बरामद, मालिकों को सौंपे

देवरिया, 03 नवंबर (हि.स.)। दीपावली से पहले देवरिया पुलिस ने 268 लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटाई है। सर्विलांस सेल ने करीब 55 लाख रुपये कीमत के 268 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर मंगलवार को उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। लंबे समय से अपने खोए मोबाइल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों के लिए यह किसी दीपावली के उपहार से कम नहीं रहा। मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस की सराहनीय पहल के लिए आभार जताया।

पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने गुमशुदा मोबाइल फोन से संबंधित प्रार्थना पत्रों का त्वरित निस्तारण करने के लिए सर्विलांस सेल को विशेष निर्देश दिए थे। इसके बाद सर्विलांस सेल ने लगातार प्रयास करते हुए विभिन्न स्थानों से 268 मोबाइल फोन बरामद किए। तीन नवंबर को पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी मोबाइल उनके स्वामियों को सुपुर्द किए गए।

इस अवसर पर एसपी ने मोबाइल धारकों से बातचीत कर उन्हें साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया।

उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी सोशल मीडिया, फर्जी कॉल, ई-मेल और ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत या गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। इंटरनेट का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी संदिग्ध मोबाइल ऐप को डाउनलोड करने से बचें। ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को डायल 112 पर दें।

बरामद मोबाइल में 60 रियलमी, 50 वीवो, 50 ओप्पो, 42 रेडमी, 18 सैमसंग, 15 मोटोरोला, 12 टेक्नो, नौ वनप्लस, छह इनफिनिक्स, पांच इंटेक्स और एक ऑनर कंपनी का मोबाइल शामिल है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771916 Articles

Share this story