सरकार पूरा कर रही युवाओं से किया वादा : कृषि मंत्री
देवरिया, 19 सितंबर (हि.स.)। कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग और आयुष विभाग की ओर से एक्सरे टेक्नीशियन व होम्योपैथिक फार्मासिस्ट के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के क्रम में जिले के चयनित अभ्यर्थियों के लिए स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम हुआ। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से युवाओं को रोजगार देने का किया गया वादा नियुक्ति पत्र वितरण के माध्यम से पूरा हो रहा है। बिना भेदभाव के चयनित हुए अभ्यर्थी इसका प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न गांवों के छात्र-छात्राओं और युवाओं ने चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है।
सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने चयनित अभ्यर्थियों से सेवा भाव के साथ जनपद, प्रदेश और देश की सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की वर्ष 2024 में शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया के तहत जिले के आठ होम्योपैथिक फार्मासिस्ट और पांच एक्सरे टेक्नीशियन चयनित हुए हैं।
कार्यक्रम में सीडीओ राजेश कुमार, प्रभारी सीएमओ डॉ. एसके सिन्हा, एसीएमओ डॉ. अजीत कुमार सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. विपिन रंजन, जिला होम्योपैथिक अधिकारी समेत आयुष विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

