देवरिया ; समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई : जिलाधिकारी
देवरिया, 03 अक्टूबर (हि.स.) । सलेमपुर तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने एक-एक फरियादी से रूबरू होकर शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस में कुल 111 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें निस्तारण योग्य 15 मामलों का मौके पर ही समाधान कराया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन प्रकरणों में जांच या मौके पर निरीक्षण की आवश्यकता है, उनका एक सप्ताह के भीतर निस्तारण किया जाए। उन्होंने राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करें। धारा 34, 24 और 116 के लंबित वादों को प्राथमिकता से दर्ज कर उनका निस्तारण कराने के निर्देश दिए। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

