देवरिया पहुंचे चार क्रिकेटर्स के शव, तीन का हुआ अंतिम संस्कार, एक के पिता का इंतजार

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया पहुंचे चार क्रिकेटर्स के शव, तीन का हुआ अंतिम संस्कार, एक के पिता का इंतजार


देवरिया पहुंचे चार क्रिकेटर्स के शव, तीन का हुआ अंतिम संस्कार, एक के पिता का इंतजार


- इरफान अंसारी के शव को परिजन घर पर रखकर उनके पिता के विदेश से लौटने का इंतजार कर रहे हैं

देवरिया, 08 अक्टूबर (हि.स.)। सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले देवरिया के चार टेनिस बॉल क्रिकेटरों के शव पोस्टमार्टम के बाद आज उनके पैतृक गांव पहुंचे। शव पहुंचते ही चारों गांवों में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। गुरुवार को तीन खिलाड़ियों का सरयू नदी के अलग-अलग घाटों पर अंतिम संस्कार किया गया, जबकि मईल क्षेत्र के बलिया उत्तर गांव निवासी इरफान अंसारी का शव घर पर रखा गया है। परिजन उनके पिता के विदेश से लौटने का इंतजार कर रहे हैं। पिता के गुरुवार शाम तक गांव पहुंचने की संभावना है।

मईल थाना क्षेत्र के बगहां गांव निवासी नित्या प्रजापति का भागलपुर स्थित कालीचरण घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। पिता मनोज प्रजापति ने मुखाग्नि दी। बेटे को अंतिम विदाई देते समय परिजन बदहवास हो गए। लार थाना क्षेत्र के चुरिया गांव निवासी अनिकेत सिंह का गांव के समीप सरयू नदी के घाट पर अंतिम संस्कार हुआ। छोटे भाई अंकित ने मुखाग्नि दी। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित मौजूद रहे। लार थाना क्षेत्र के कोहरा गांव निवासी आनंद यादव का भी गांव के समीप सरयू नदी के घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। आनंद के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार के लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

चार हाेनहार खिलाड़ियाें की मौत से गांवों में मातम

हादसे में चार युवाओं की मौत की खबर से उनके गांवों में मातम पसरा है। चारों अलग-अलग प्रतियोगिताओं में टेनिस बॉल क्रिकेट खेलते थे और खेल के जरिए अपनी पहचान बनाने में जुटे थे। लखनऊ में टूर्नामेंट खेलने के बाद घर लौटते समय पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा हुआ।

हादसे में घायल नेटुआबीर निवासी राजू यादव समेत अन्य खिलाड़ियों का इलाज चल रहा है। हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं और खेल के मैदान में अपने भविष्य के सपने संजो रहे युवाओं की असमय मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story