देवरिया में पकड़ी गई बिहार जा रही 225 लीटर देशी शराब , चालक फरार

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया में पकड़ी गई बिहार जा रही 225 लीटर देशी शराब , चालक फरार


देवरिया, 20 नवंबर (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद मे खामपार पुलिस ने शुक्रवार को चेकिंग के दौरान भठवा तिवारी गांव स्थित एटीसी टावर के पास एक स्कॉर्पियो से 225 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की। वाहन में फर्जी नंबर प्लेट रखी थी। पुलिस ने शराब और वाहन समेत करीब 5.66 लाख रुपये का सामान बरामद किया है। हालांकि, पुलिस को देखकर चालक मौके से फरार हो गया।

अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि खामपार पुलिस की टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिहार जा रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो काे राेककर तलाशी लेने पर उसमें 25 पेटी देशी शराब बरामद हुई। पेटियों में 200 एमएल के कुल 1125 पाउच थे, जिनकी कुल मात्रा 225 लीटर है। उन्होंने बताया कि शराब की ब्रांड का नाम बन्टी बबली है। वाहन से एक जोड़ी फर्जी नंबर प्लेट भी मिली।

पुलिस ने वाहन के नंबर के आधार पर फरार आरोपित की पहचान कर ली है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में खामपार थाना में आबकारी अधिनियम में केस दर्ज किया है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story