साइबर ठगी के 21 हजार रुपये पीड़िता के खाते में वापस

WhatsApp Channel Join Now
साइबर ठगी के 21 हजार रुपये पीड़िता के खाते में वापस


देवरिया, 17 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में भलुअनी थाना क्षेत्र में साइबर ठगी की शिकार महिला के खाते से निकाले गए 21 हजार रुपये पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार को वापस कराया। पूरी धनराशि वापस मिलने पर पीड़िता ने पुलिस टीम का आभार जताया।

थाना भलुअनी क्षेत्र के करौंदी झझवा टोला निवासी अनीता देवी पत्नी रंग लाल पटेल के साथ साइबर ठगी कर 21 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई थी। पीड़िता ने मामले की शिकायत थाना भलुअनी में की। शिकायत मिलने के बाद साइबर टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और ठगी की रकम को समय रहते होल्ड करा लिया।

पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में साइबर टीम ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ठगी की पूरी रकम 21 हजार रुपये पीड़िता के बैंक खाते में वापस करा दी। खाते में रकम वापस आने पर अनीता देवी ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

पुलिस ने लोगों से साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई है। साइबर ठगी होने पर तत्काल शिकायत करने से धनराशि को होल्ड कराने और वापस दिलाने की संभावना बढ़ जाती है। कार्रवाई करने वाली टीम में महिला उपनिरीक्षक प्रियंका, साइबर प्रभारी थाना भलुअनी, कांस्टेबल ग्रेड-बी शिवम् नाथ आर्य, महिला कांस्टेबल प्रियंका मौर्या और कांस्टेबल शशिकान्त कुमार शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story