देवरिया : डेढ़ वर्षीय मासूम की इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

WhatsApp Channel Join Now

देवरिया, 10 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में बरियारपुर थाना क्षेत्र स्थित बैकुंठपुर गांव निवासी रंजीत मद्धेशिया के करीब 18 माह के पुत्र अयांश की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और मामले की जांच कर न्याय दिलाने की मांग की। सूचना मिलने पर सोमवार की देर शाम को कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया।

बताया गया कि अयांश की तबीयत खराब होने पर परिजन उसे इलाज के लिए शहर के परमावती पोखरे के पास स्थित एक निजी चिकित्सक के यहां लेकर गए थे। परिजनों के अनुसार वहां उपचार के दौरान शाम को अचानक मासूम की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।

मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई और मामले की जांच की मांग की। उन्होंने जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की भी मांग की।

घटना की जानकारी मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर स्थिति को संभाला और मामले को शांत कराया। पुलिस ने घटना से संबंधित जानकारी जुटाई और परिजनों को आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

मासूम की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

कोतवाल शशी भूषण राय का कहना है कि तहरीर मिलने और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story