देवरिया: चाकूबाजी में घायल 16 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान मौत, अस्पताल में हंगामा
देवरिया, 05 अगस्त (हि.स.)। देवरिया जिले के भटनी थाना क्षेत्र में गांव के विवाद के दौरान चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल 16 वर्षीय किशोर की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। किशोर की मौत के बाद परिजनों ने निजी अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
मृतक की पहचान भटनी थाना क्षेत्र के निवासी सागर उर्फ भूवर (16) पुत्र रंजीत के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मंगलवार शाम करीब सात बजे गांव में हुए विवाद के दौरान सागर पर चाकू से हमला कर दिया गया था। गंभीर रूप से घायल सागर को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटनी ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर भेजने की सलाह दी थी।
परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान एक निजी एंबुलेंस चालक ने उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराने के लिए तैयार कर लिया। वहां चिकित्सकों ने किशोर का ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन उसकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। परिवार का कहना है कि डॉक्टरों के कहने पर रातभर में लगभग 18 यूनिट रक्त की व्यवस्था की गई। कई रिश्तेदारों और परिचितों ने रक्तदान किया। करीब चार से पांच घंटे तक चले ऑपरेशन के बावजूद चिकित्सक सागर की जान नहीं बचा सके।
किशोर की मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार, सदर कोतवाल राकेश राय तथा भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि चाकूबाजी की घटना और इलाज से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

