फर्रुखाबाद : गंगा का जल स्तर घटा, दुश्वारियां जस की तस

WhatsApp Channel Join Now
फर्रुखाबाद : गंगा का जल स्तर घटा, दुश्वारियां जस की तस


गंगापार क्षेत्र के अधिकांश मार्ग अभी भी जलमग्न

फर्रुखाबाद,02 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में गंगा नदी के जलस्तर में लगातार गिरावट जारी है। बुधवार सुबह आठ बजे लोहिया सेतु पांचाल घाट पर गंगा का जलस्तर 136.65 मीटर दर्ज किया गया। यह खतरे के निशान 137.10 मीटर से 45 सेंटीमीटर नीचे है। हालांकि जलस्तर अभी चेतावनी बिंदु 136.60 मीटर से पांच सेंटीमीटर ऊपर है।

सिंचाई विभाग के बाढ़ नियंत्रण कक्ष की ओर से जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार रामगंगा नदी का जलस्तर भी 136.10 मीटर दर्ज किया गया है। रामगंगा के लिए भी चेतावनी बिंदु 136.60 और खतरे का निशान 137.10 मीटर निर्धारित है। पिछले दिनों गंगा के खतरे के निशान के आसपास पहुंचने से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चिंता बढ़ गई थी। अब जलस्तर में गिरावट से ग्रामीणों को राहत की उम्मीद जगी है। हालांकि चेतावनी बिंदु से जलस्तर अभी ऊपर होने के कारण बाढ़ नियंत्रण कक्ष की निगरानी जारी है।

नरौरा स्केप से 82,835 क्यूसेक पानी, खो बैराज से 6,962 क्यूसेक, हरौली बैराज से 270 क्यूसेक तथा रामनगर बैराज से 25,068 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया है। गंगा नदी का जल स्तर जरूर कम हुआ है लेकिन दुश्वारियां बरकरार है। आज भी गंगा पार क्षेत्र के अधिकांश मार्गों पर पानी भरा हुआ है। इस पानी से गुजर कर लोग गंतव्य स्थान तक पहुंच रहे है।

जिलाधिकारी अंकुर लाठर ने बताया कि सभी बाढ़ चौकियों पर तैनात अधिकारी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र पर नजर बनाए हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story