बुवि के अर्थशास्त्र विभाग की प्रोफेसर के डेन्टिस्ट पति ने की आत्महत्या

WhatsApp Channel Join Now
बुवि के अर्थशास्त्र विभाग की प्रोफेसर के डेन्टिस्ट पति ने की आत्महत्या


पड़ताल में जुटी नवाबाद पुलिस

झांसी, 23 फ़रवरी (हि.स.)। नवाबाद थाना क्षेत्र में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग में कार्यरत असिस्टेंट प्रोफेसर के डेंटिस्ट पति ने आत्महत्या कर ली। इससे पूर्व उन्होंने सोमवार सुबह पत्नी-बच्चों के साथ नाश्ता किया। दोनों बच्चों को स्कूल भेज दिया। नाै बजे पत्नी भी ड्यूटी पर चली गईं। इसके बाद पतली रस्सी का फंदा बनाकर पंखे से लटककर जान दे दी। घटना की जानकारी तब हुई जब उनके आवास पर काम करने वाली काम करने पहुंची। उसके द्वारा काफी देर तक गेट खटखटाने पर गेट नहीं खुला। इस पर डॉक्टर की पत्नी को फोन मिलाकर सूचना दी गई। प्रोफेसर पत्नी के पहुंचने पर गेट की जाली काटी गई। पत्नी ने अंदर जाकर देखा तो पति का शव पंखे से लटक रहा था। यह देखते ही वह बेहोश हो गईं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। डॉक्टर के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।

राधिका चौधरी बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं। वह परिवार के साथ यूनिवर्सिटी कैंपस में ही रहती हैं। उनके पति डॉ. नीरज कुरील पेशे से डेंटिस्ट थे। डॉ. नीरज कुरील का परिवार प्रेमनगर थाना क्षेत्र के खाती बाबा मंदिर के पास रहता है। 2017 में उनको आवास अलॉट हुआ था। तब से प्रोफेसर राधिका अपने पति नीरज, दोनों बच्चों नैतिक (14) और यशिका (10) के साथ यूनिवर्सिटी परिसर में 96 आवास के ई-ब्लॉक के ई-4 फ्लैट में रहती थीं। बेटा नैतिक कुरील सीकेसी स्कूल में 9वीं कक्षा में पढ़ता है। जबकि 10 साल की बेटी यशिका सनफ्रांसिस स्कूल में चौथी क्लास में पढ़ती है।

डॉ. नीरज का झांसी मेडिकल कॉलेज के सामने शालू डेंटल क्लीनिक के नाम से क्लिनिक हैं। रविवार रात को उनका परिवार एक बर्थ-डे पार्टी में गया था। सभी रात में ही लौटकर आ गए थे। सुबह बच्चे स्कूल चले गए। इसके बाद राधिका ने पति के साथ नाश्ता किया। फिर यूनिवर्सिटी चली गई। घर में डॉ. नीरज ही अकेले थे।

चीफ प्रॉक्टर ने बताई घटना

यूनिवर्सिटी के चीफ प्रॉक्टर डॉ. आरके सैनी ने बताया कि प्रोफेसर राधिका के जाने के बाद मेड काम करने के लिए फ्लैट पर आई थी। डोर बेल बजाने पर किसी ने दरवाजा नहीं खोला। तब उसने पड़ोस की फैमिली को बुलाया। इसके बाद पड़ोसियों ने राधिका को फोन कर सूचना दी। तब जाकर महिला प्रोफेसर क्लास छोड़कर घर पहुंचीं। वहीं हंसते हुए आए बच्चे जानकारी पर फूट-फूटकर रोने लगे।

चौकी प्रभारी का कहना

यूनिवर्सिटी चौकी इंचार्ज निखिल सिंह ने बताया कि नीरज कुरील ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। उनके लीवर में दिक्कत थी। सुसाइड किन कारणों की वजह से किया है, इसकी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story