मुरादाबाद के सात गांवों में सीमांकन कार्य जून तक पूरा होने की संभावना

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद के सात गांवों में सीमांकन कार्य जून तक पूरा होने की संभावना


मुरादाबाद, 27 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के 43 गांवों में चकबंदी का काम करने के लिए टीमों को लगाया गया है। इनमें सात गांवों के सीमांकन एवं कब्जा परिवर्तन का काम जून माह तक पूरा होने की संभावना है। विभाग जून के अंत में धारा 52 की भी कार्रवाई करेगा।

जिले के सदर तहसील क्षेत्र के 20 गांवों, ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र के 21 गांवों, कांठ तहसील क्षेत्र के तीन और बिलारी तहसील क्षेत्र के एक गांव जैतिया फिरोजपुर में चकबंदी का कार्य चल रहा है। इस मामले में जिले के चकबंदी अधिकारियों ने धारा 24 के तहत तहसील सदर क्षेत्र के कोरबाकूं में 48 प्रतिशत, रफातपुर में 27 प्रतिशत, पीपलसाना में 27 प्रतिशत, देवापुर में 30 प्रतिशत, बराहीलालपुर एहतमाली में 50 प्रतिशत सीमांकन एवं कब्जा परिवर्तन काम किया है। इसी प्रकार तहसील ठाकुरद्वारा के रामपुर बलभद्र जदीद में 38 प्रतिशत, नन्हूवाला ऐहतमाली में 80 प्रतिशत सीमांकन कार्य पूरा हो गया है।

वहीं ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र के गांव पीपली अहीर ऐहतमाली के 51 हेक्टेयर क्षेत्रफल की चकबंदी धारा 52 के तहत पूरी कर ली गई है। इस मामले में शासन को रिपोर्ट भेज दी गई है।

जिला चकबंदी अधिकारी राजेंद्र राम ने बताया कि सातों गांवों में एक-एक सहायक चकबंदी अधिकारी और लेखपाल को जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही वरिष्ठ अधिकारी मानीटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने आगे बताया कि गांवों की शिकायतों का समाधान कार्य चल रहा है। कब्जा परिवर्तन के बाद धारा 52 की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story