लखनऊ में श्रम दिवस पर उठी पत्रकार पेंशन और सुरक्षा कानून की मांग

WhatsApp Channel Join Now
लखनऊ में श्रम दिवस पर उठी पत्रकार पेंशन और सुरक्षा कानून की मांग


- कलमकारों का शक्ति प्रदर्शन, श्रम मंत्री उठाएंगे पेंशन बढ़ाने का मुद्दा

- तीन मई को केंद्रीय श्रम मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया से मिलेंगे अनिल राजभर

लखनऊ, 01 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम मंत्री अनिल राजभर ने शुक्रवार को प्रेस क्लब में कहा कि आगामी तीन मई को केंद्रीय श्रम मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया से मिलकर ईपीएफ की न्यूनतम पेंशन बढ़ाने का मुद्दा उठाया जाएगा। यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन की मांग है कि इसे 1000 रुपये से बढ़ाकर 05 हजार रुपये किया जाए।

श्रम दिवस के अवसर पर यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन की ओर से प्रेस क्लब में आयोजित कार्यक्रम में पत्रकारों ने अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया और विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।

मुख्य अतिथि श्रम मंत्री अनिल राजभर ने बताया कि यूनियन द्वारा पूर्व में दिए गए ज्ञापन के आधार पर यह पहल की जा रही है। उन्होंने यूनियन से प्रदेश स्तर पर एक बृहद संवाद कार्यक्रम आयोजित करने का भी आग्रह किया, जिसमें वह स्वयं भी समय देंगे।

यूनियन के प्रादेशिक अध्यक्ष हसीब सिद्दीकी की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में पत्रकारों के लिए पेंशन, पत्रकार सुरक्षा कानून, पीजीआई में चिकित्सा सुविधा, भूखंड आवंटन, आर्थिक सहायता और ट्रेन किराए में छूट जैसी मांगें शामिल हैं।

विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान ने कहा कि पत्रकारों के सामने चुनौतियां बढ़ी हैं, लेकिन उन्हें सच्चाई के साथ खड़े रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज के वंचित और पीड़ित वर्ग की आवाज को सरकार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

यूपी प्रेस क्लब के अध्यक्ष रविंद्र कुमार सिंह ने कहा कि आज के दौर में पत्रकारिता के क्षेत्र में चुनौतियां बढ़ गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अब स्वस्थ आलोचना भी पत्रकारों के लिए खतरा बनती जा रही है और उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।

हिंद मजदूर महासभा के प्रदेश महामंत्री उमाशंकर मिश्र ने कहा कि पत्रकारों के वेज बोर्ड बंद हो गए हैं और कोरोना काल के बाद सुविधाएं भी कम हो गई हैं। उन्होंने पत्रकारों से अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।

यूनियन के मंडल अध्यक्ष शिवशरण सिंह और प्रदेश महामंत्री देवराज सिंह ने भी पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रजत मिश्रा ने सरकार से पत्रकारों की समस्याओं के समाधान की मांग की। कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए पत्रकारों ने भाग लिया। संचालन प्रेमकांत तिवारी ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ .राजेश

Share this story