शहरी क्षेत्रों में ‘घराैनी’ योजना लागू करने की मांग, मुख्यमंत्री को सौंपा गया ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
शहरी क्षेत्रों में ‘घराैनी’ योजना लागू करने की मांग, मुख्यमंत्री को सौंपा गया ज्ञापन


शहरी क्षेत्रों में ‘घराैनी’ योजना लागू करने की मांग, मुख्यमंत्री को सौंपा गया ज्ञापन


लखीमपुर खीरी, 02 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रभारी वासुदेव मौर्य ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें शहरी क्षेत्रों में भी ‘घराैनी’ योजना लागू करने की मांग उठाई है। उन्होंने गुरुवार को यह बात मीडिया से साझा की।

सौंपे गए पत्र में उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार द्वारा जनहित में किए जा रहे कार्यों से प्रदेश की जनता स्वयं को सुरक्षित एवं गौरवान्वित महसूस कर रही है।

मौर्य ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में ‘घराैनी’ योजना के तहत लोगों को उनकी भूमि का स्वामित्व अधिकार दिया जा रहा है, जिससे आपसी जमीन विवादों में कमी आई है और लोगों को स्थायित्व मिला है।

हालांकि, उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि शहरी क्षेत्रों नगर निगम एवं नगर पालिकाओं में बड़ी संख्या में ऐसे लोग निवास कर रहे हैं, जिनके पास अपनी जमीन के कोई वैध दस्तावेज नहीं हैं। इनमें अधिकांश गरीब एवं कमजोर वर्ग के लोग शामिल हैं। साथ ही, नगर क्षेत्रों के लगातार विस्तार के कारण कई गांव भी अब शहरी सीमा में आ गए हैं, जिससे यह समस्या और अधिक बढ़ गई है।

पत्र के माध्यम से उन्होंने मांग की है कि ‘घराैनी’ योजना को शहरी क्षेत्रों में भी लागू किया जाए, ताकि वहां निवास कर रहे लोगों को उनकी जमीन पर स्वामित्व अधिकार मिल सके। इसके लिए सरकार से आवश्यक नियम बनाकर विशेष अभियान चलाने का अनुरोध किया गया है।

मौर्य ने कहा कि यदि यह योजना शहरों में भी लागू होती है तो न केवल भूमि विवादों में कमी आएगी, बल्कि गरीब तबके के लोगों को कानूनी सुरक्षा और स्थायित्व भी मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

Share this story