सरयू नदी की सफाई, घाट के सौंदर्यीकरण और झिंगहा घाट का नाम बदलने मांग उठी
बहराइच, 23 मार्च (हि.स.)। मां सरयू नदी पुनरोद्धार समिति के तत्वाधान में बहराइच शहर की पौराणिक सरयू नदी की सफाई, घाट के सौंदर्यीकरण एवं झिंगहाघाट का नाम बदलकर सरयू घाट किए जाने की मांग तेज हाे गई है। इसी क्रम में साेमवार काे समिति ने संकल्प सभा का आयोजन सरयू नदी के तट झिंगहा घाट पर किया।
कार्यक्रम का संचालन समिति के संयोजक अधिवक्ता धनंजय सिंह ने किया। मुख्य अतिथि स्वामी विष्णु देवाचार्य महाराज के नेतृत्व में उपस्थित लोगों एवं मातृशक्ति ने मां सरयू की आरती उतार कर नदी को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि सरयू नदी के इस पावन तट पर विभिन्न पर्व एवं त्योहारों पर मेले का आयोजन होता है जहां लाखों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होते हैं।
विगत वर्षों से पवित्र सरयू नदी की साफ सफाई एवं निर्बाध जल बहाव के लिए कोई कार्य नहीं हुआ है। जिससे इस नदी में जगह-जगह सिल्ट जम गई और जल प्रवाह बाधित हो गया है। बिना सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के ही नगर के नालों का दूषित पानी व नानपारा चीनी मिल से निकलने वाले वेस्टेज को नदी में छोड़ा जा रहा है। इस कारण सरयू नदी पूरी तरह से दूषित हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि नदी के अधिकांश भाग सिल्ट, जलकुंभी आदि से पट गई हैं। जिसके चलते नदी का बहाव निरन्तर न होने से नदी नाले में परिवर्तित हो गई है। नदी में बहाव न होने से निकट स्थित कृषि योग्य भूमि वर्षाकाल में जलमग्न हो जाती है एवं कृषकों की फसल की उपज गम्भीर रूप से प्रभावित होती है।
इसके बाद समिति ने ज्ञापन सौंप कर शासन एवं जिला प्रशासन से मांग की कि पौराणिक मान्यताओं में अपना विशेष महत्व रखने वाली सरयू नदी के प्रमुख घाटों में एक झिंगहाघाट का नाम बदलकर सरयू घाट किया जाए। नदी में गिर रहे नालों के मुहाने पर जल शोधन यंत्र लगवाने एवं जीवन दायिनी सरयू नदी की साफ सफाई एवं जल बहाव की निरंतरता के लिए नदी में जमे सिल्ट को हटाने तथा नदी के किनारे घाट का निर्माण कराए जाने एवं संपूर्ण नदी की ड्रोन मैपिंग कराये जाने की मांग की।
इस अवसर पर समिति के अरविंद सिंह सेंगर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक अजय, धर्मेंद्र सिंह, अतुल गौड़, विपिन, अनिल वर्मा, रंजीता बाल्मीकि, आयुष जायसवाल, पिंटू मौर्या, सुनील केवट, कमलेश यादव, सौरभ जैन, सुनीता सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

