पहलगाम हमले की बरसी पर श्रद्धांजलि, जान गंवाने वालाें काे शहीद का दर्जा दिए जाने की मांग : डॉ. हेमंत मोहन

WhatsApp Channel Join Now
पहलगाम हमले की बरसी पर श्रद्धांजलि, जान गंवाने वालाें काे शहीद का दर्जा दिए जाने की मांग : डॉ. हेमंत मोहन


कानपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले सभी देशवासियों को शहीद का दर्जा दिया जाना चाहिए। पूरा शहर उनके परिवारों के साथ खड़ा है और उनके सम्मान के लिए आवाज उठाता रहेगा। यह बातें बुधवार को वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. हेमंत मोहन ने कही।

पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी के अवसर पर सिविल लाइंस स्थित हैनीमैन चौराहे पर आरोग्यधाम के बैनर तले श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान शहरवासियों ने मोमबत्ती जलाकर हमले में जान गंवाने वाले 26 लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और मौन रखकर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने एक स्वर में सभी मृतकों को शहीद का दर्जा देने की मांग उठाई और उनके सम्मान में न्याय की मांग को दोहराया।

डॉ. हेमंत मोहन और डॉ. आरती मोहन ने कहा कि शुभम द्विवेदी समेत सभी मृतकों के प्रति पूरे शहर में गहरा शोक है और लोग उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कठिन समय में समाज की एकजुटता ही पीड़ित परिवारों को संबल देती है और उन्हें न्याय दिलाने की दिशा में प्रेरित करती है। उन्होंने यह भी कहा कि शहीदों की कुर्बानी को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

कार्यक्रम में उपस्थित समाजसेवियों और नागरिकों ने देशभक्ति के नारों के साथ आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया। लोगों ने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं के खिलाफ देश को एकजुट रहना होगा और शहीदों के सम्मान में आवाज बुलंद करनी होगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे जिन्होंने मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि दी और पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। अंत में सभी ने शांति और एकता का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story