देवरिया के लक्ष्मीपुर गांव में हुई घटना की न्यायिक जाँच हो : विजय रावत

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया के लक्ष्मीपुर गांव में हुई घटना की न्यायिक जाँच हो : विजय रावत


देवरिया के लक्ष्मीपुर गांव में हुई घटना की न्यायिक जाँच हो : विजय रावत


देवरिया, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के बरहज तहसील अंतर्गत लक्ष्मीपुर गाँव में बीते दिनों जमीन पैमाईश के दौरान एक अधिवक्ता की मौत और प्रकरण में प्रधान समेत कई लोगों पर हुए मुकदमे की घटना की न्यायिक जाँच किए जाने की माँग समाजवादी पार्टी (सपा) नेता विजय रावत ने उठाई है। उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन बुधवार को सौंपा है। इस दौरान उन्होंने मृतक के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि घटना अत्यंत दुखद है और इसकी निष्पक्ष जाँच होना आवश्यक है।

विजय रावत ने कहा कि बिना जाँच के किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करना न्यायसंगत नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट रूप से माँग की कि पहले पूरे प्रकरण की गहन जाँच कराई जाए, उसके बाद ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को गलत तरीके से फँसाया न जाए, ताकि कोई बेगुनाह सजा का भागीदार न बने।

उन्होंने बताया कि बरहज क्षेत्र में इस घटना को लेकर व्यापक चर्चा है और आमजन में भी निष्पक्ष जाँच की अपेक्षा है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर न्यायिक जाँच की माँग की गई है।

इस मौके पर छात्र सभा जिलाध्यक्ष मनोज यादव, जिला सचिव रामप्रित, सूरज कुमार, मनीष सिंह, अभिषेक यादव, अनीश कुशवाहा सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story