मुरादाबाद में जोनल टैक्स फेडरेशन ने एडिशनल कमिश्नर की जीएसटी में न्यूनतम पेनाल्टी लगाने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद में जोनल टैक्स फेडरेशन ने एडिशनल कमिश्नर की जीएसटी में न्यूनतम पेनाल्टी लगाने की मांग


मुरादाबाद, 03 जुलाई (हि.स.)। जोनल टैक्स फेडरेशन मुरादाबाद के पदाधिकारियाें के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को एडिशनल कमिश्नर ग्रेड वन (राज्य कर) अशोक कुमार सिंह से मुलाकात की और जीएसटी की धारा 125 के अंतर्गत न्यूनतम पेनाल्टी लगाने की मांग की। फेडरेशन के अध्यक्ष जहीर मालिक ने एडिशनल कमिश्नर को बताया कि विभागीय अधिकारी धारा 125 के अंतर्गत अधिकतम पेनाल्टी 25,000 या 50,000 रुपये लगा रहे हैं, जो छोटे व्यापारियों के लिए न्याय संगत नहीं है। उन्होंने मांग की कि वह विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करें कि वे न्यूनतम पेनाल्टी 1,000 या 2,000 रुपये तक ही लगाएं।

इसके अलावा नोटिस भी ऑफलाइन मोड से व्यापारियों को दिया जाए और नोटिस और आदेशों को व्यापारियों को भौतिक रूप से भेजा जाए ताकि

नोटिस की प्राप्ति सुनिश्चित हो सके और व्यापारियों का अनावश्यक उत्पीड़न न हो। इसके अलावा पुराने एक पक्षीय वैट केसेज को धारा 32 के अंतर्गत दोबारा खोलने, बिना किसी बकाया मांग या दायित्व के बैंक खातों को फ्रीज न करने की भी मांग की।

साथ ही मुरादाबाद जोन में करदाताओं के हित में टैक्सपेयर फ्रेंडली एवं पारदर्शी प्रशासन सुनिश्चित करने की भी अपील की। एडिशनल कमिश्नर ग्रेड वन (राज्य कर) अशोक कुमार सिंह ने मांगाें पर विचार करने का आश्वासन दिया है। इस प्रतिनिधि मंडल में शामिल व्यापारियों ने बताया कि एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1 ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिया कि सेक्शन 125 के तहत न्यूनतम पेनाल्टी लगाने संबंधी निर्देश जारी किए जाएंगे। प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष जहीर मालिक के साथ-साथ संस्थापक चेयरमैन गुफरान माजिद, महासचिव क्षितिज शर्मा, अंजार हुसैन, गौरव गुप्ता शामिल रहे।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story