हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला डिलीवरी बॉय का शव

WhatsApp Channel Join Now
हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला डिलीवरी बॉय का शव


हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला डिलीवरी बॉय का शव


कानपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हॉस्टल के एक कमरे में डिलीवरी बॉय का शव फंदे से लटका मिला। शव कई दिन पुराना होने के कारण बुरी तरह सड़ चुका था। कमरे से बदबू आने पर अन्य छात्रों ने हॉस्टल मालिक को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो युवक का शव मिला। कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ, जिसमें लिखा था कि 'मरना तो एक दिन सबको है, इसलिए अच्छे कर्म करते रहिए।'

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक की पहचान बरेली के नौगवां निवासी केशव वर्मा (25) के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, केशव 17 अक्टूबर को कल्याणपुर कला स्थित अवनीश यादव बॉयज हॉस्टल में रहने आया था। उसे हॉस्टल की दूसरी मंजिल पर कमरा दिया गया था। वहां रहने वाले छात्रों ने उसे आखिरी बार 19 नवंबर को देखा था। सोमवार सुबह कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी। छात्रों ने दरवाजा खटखटाकर आवाज लगाई, लेकिन भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद हॉस्टल मालिक को सूचना दी गई।

मृतक के पिता गोपाल वर्मा ने पुलिस को बताया कि वह फिलहाल परिवार के साथ हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में रहते हैं और वहां रेहड़ी लगाते हैं। परिवार में पत्नी कमलेश, बेटी लक्ष्मी और छोटा बेटा कार्तिक हैं। केशव ने आईटीआई की पढ़ाई की थी। वह एक ऑटोमोबाइल कंपनी में नौकरी मिलने की बात कहकर कानपुर आया था।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। केशव की मां कमलेश और बहन लक्ष्मी दवा लेने के सिलसिले में लखनऊ आई हुई हैं। सूचना मिलने के बाद वे पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंच रही हैं।

थाना प्रभारी केशव तिवारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782194 Articles

Share this story