कबीर शोध अकादमी के निदेशक ने कुलपति से की शिष्टाचार भेंट
गोरखपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.पी. सिंह से कबीर शोध अकादमी, मगहर के निदेशक डॉ. अतुल द्विवेदी ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान संत कबीर की विचारधारा, भारतीय ज्ञान परंपरा, शोध एवं अकादमिक गतिविधियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
भेंट के दौरान संत कबीर के चिंतन और साहित्य के व्यापक अकादमिक अध्ययन तथा उनके विचारों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। दोनों ने इस बात पर जोर दिया कि कबीर की रचनाओं और उनके सामाजिक-सांस्कृतिक चिंतन को शोध एवं अध्ययन के माध्यम से नई पीढ़ी से जोड़ने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने शोध एवं अकादमिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय और संबंधित संस्थानों के बीच सार्थक संवाद एवं सहयोग से शोध कार्यों को नई दिशा मिल सकती है। उन्होंने ज्ञान परंपरा से जुड़े विषयों पर अकादमिक विमर्श को प्रोत्साहित करने को भी महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर कबीर साहित्य, उनके दर्शन तथा समकालीन संदर्भों में उनकी प्रासंगिकता को लेकर भी विचार साझा किए गए। भेंट को विश्वविद्यालय और कबीर शोध अकादमी के बीच अकादमिक संवाद की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना गया।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

