ग्राम पंचायत बूढ़ादाना में हुआ रिफॉर्म उत्सव, विकसित ग्राम पंचायत प्लान पर मंथन
डीएम ने ग्रामीणों से विकसित व आत्मनिर्भर पंचायत के लिए सक्रिय भागीदारी की अपील की
वीबी-जी राम जी अधिनियम के तहत अब 125 दिन के रोजगार की कानूनी गारंटी
औरैया, 02 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को विकासखंड भाग्यनगर की ग्राम पंचायत बूढ़ादाना में जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में रिफॉर्म उत्सव एवं विशेष ग्राम सभा सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें जनकेंद्रित सुधारों, ग्रामीण सशक्तीकरण और विकसित ग्राम पंचायत प्लान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्या ने ग्रामीणों को वीबी-जी राम जी (विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण) के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक ग्रामीण परिवार को वित्तीय वर्ष में 125 दिनों के मजदूरी रोजगार की कानूनी गारंटी दी जाएगी। काम की मांग करने के 15 दिनों के भीतर रोजगार उपलब्ध नहीं होने पर लाभार्थी नियमानुसार बेरोजगारी भत्ता पाने के हकदार होंगे। इसी प्रकार मजदूरी का भुगतान 15 दिनों के भीतर न होने पर विलंब क्षतिपूर्ति का प्रावधान है।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों में टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण के लिए 375 प्रकार के अनुमेय कार्यों में से गांव की आवश्यकता के अनुसार कार्यों का चयन ग्राम सभा के माध्यम से किया जाएगा। इसके अलावा लखपति दीदी पहल, स्वामित्व योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) तथा डिजिटल इंडिया भूमि रिकॉर्ड आधुनिकीकरण जैसी योजनाओं के बारे में भी ग्रामीणों को जानकारी दी गई।
योजनाओं के पारदर्शी संचालन में ग्राम सभा की सक्रिय भूमिका पर जोर देते हुए सोशल ऑडिट की व्यवस्था से भी ग्रामीणों को अवगत कराया गया।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने ग्रामीणों से ग्राम पंचायत को विकसित, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से ग्राम पंचायत का सर्वांगीण विकास कराया जा सकता है। इसलिए ग्रामवासी उन कार्यों को प्राथमिकता दें, जिनकी उन्हें सबसे अधिक आवश्यकता है।
इस अवसर पर एडीओ पंचायत समेत संबंधित विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

