दिल्ली अग्निकांड के बाद कानपुर में फायर विभाग की बड़ी कार्रवाई, 17 होटलों को नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली अग्निकांड के बाद कानपुर में फायर विभाग की बड़ी कार्रवाई, 17 होटलों को नोटिस


कानपुर, 04 जून (हि.स.)। दिल्ली के मालवीय नगर होटल अग्निकांड में 21 लोगों की मौत के बाद कानपुर नगर में गुरुवार को फायर विभाग ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। शहर में शुरू हुई सघन जांच के दौरान पहले ही दिन 17 होटलों में फायर सेफ्टी संबंधी खामियां मिली हैं। सभी को नोटिस जारी किए जा रहे हैं और गंभीर मामलों में आगे कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) दीपक शर्मा ने बताया कि डीजी फायर के निर्देश पर प्रदेशव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। कानपुर में इसकी शुरुआत घंटाघर क्षेत्र से की गई, जहां होटल, लॉज और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की फायर सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई। इस दौरान फायर एनओसी, अग्निशमन उपकरणों, फायर अलार्म, आपातकालीन निकास मार्ग और अन्य सुरक्षा इंतजामों की पड़ताल की गई। कई प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों के पालन में लापरवाही सामने आई। इसके बाद 17 होटलों को चिन्हित कर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

सीएफओ ने कहा कि सिर्फ अग्निशमन उपकरण लगाना पर्याप्त नहीं है। यह भी जरूरी है कि कर्मचारी उनके संचालन का प्रशिक्षण रखें और आपात स्थिति में उनका उपयोग कर सकें। जनता की सुरक्षा से समझौता करने वाले प्रतिष्ठानों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। फायर विभाग ने विद्युत सुरक्षा और पर्यटन विभाग को भी पत्र भेजकर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की है। गंभीर खामियां मिलने पर प्रतिष्ठानों को सील करने तक की कार्रवाई की जा सकती है। जनपद के सभी 11 फायर स्टेशनों को अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। आने वाले दिनों में होटल, बार, गेस्ट हाउस, मोटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की भी व्यापक जांच की जाएगी।-------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story